जुलूस के साथ चलते रहे दोनों थाना प्रभारी, सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
MIRZAPUR NEWS: (तारिक अनवर) मुहर्रम के अवसर पर नगर में एक से दस मुहर्रम तक आयोजित सभी धार्मिक कार्यक्रम और ताजिया जुलूस पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुए। पूरे आयोजन के दौरान पुलिस प्रशासन की सक्रियता और सतर्कता ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक अर्पणा रजत कौशिक के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी नगर अमित कुमार के नेतृत्व में कटरा थानाध्यक्ष निरीक्षक नीरज पाठक और शहर कोतवाली के थानाध्यक्ष दयाशंकर ओझा ने पूरे पर्व के दौरान लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाले रखी। दोनों थानाध्यक्षों ने पुलिस बल के साथ ताजिया जुलूसों के साथ कदम से कदम मिलाकर ड्यूटी निभाई। यातायात व्यवस्था सुचारु रहे, जुलूस में शामिल अकीदतमंदों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और आमजन भी सुरक्षित रहें, इसके लिए लगातार निगरानी की गई। नौ और दस मुहर्रम को दोनों अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों के विभिन्न इमाम चौकों पर पहुंचकर ताजियादारों और आयोजकों से संवाद करते रहे तथा समय-समय पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।
पूरे आयोजन के दौरान पुलिस की सतर्कता का असर साफ दिखाई दिया। संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा और लगातार गश्त की गई, जिससे कहीं भी अव्यवस्था या अप्रिय घटना की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। आम लोगों ने भी पुलिस के सहयोगात्मक और जिम्मेदार रवैये की सराहना की। मुहर्रम के जुलूस को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में पुलिस प्रशासन, विशेष रूप से थाना प्रभारी नीरज पाठक और दयाशंकर ओझा की मेहनत, सक्रियता और बेहतर समन्वय की नगर में व्यापक चर्चा रही। उनके नेतृत्व में पुलिस बल ने पूरे आयोजन के दौरान पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी निभाई। अस्पताल चौकी प्रभारी विनय कुमार दूबे तथा लालडिग्गी चौकी प्रभारी आनंद शंकर सिंह भी अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी तरह मुस्तैद नजर आए। पुलिस हर समय लोगों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में जुटी रही।







