FATEHPUR NEWS: सोशल एजुकेशन डेवलपमेंट सोसाइटी, मिचकी द्वारा आयोजित सामान्य बुद्धि परीक्षा–2026 का परिणाम एवं पुरस्कार वितरण समारोह गुरुवार को भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक शिक्षाविदों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजकुमार मौर्य (अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद फतेहपुर) रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता राकेश सविता ने की। आचार्य बाबू सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पंकज सविता ने किया। समारोह में सामान्य बुद्धि परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार की परीक्षाएं विद्यार्थियों में तार्किक क्षमता, बौद्धिक विकास, प्रतिस्पर्धात्मक भावना तथा शैक्षिक जागरूकता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर अध्ययन एवं मेहनत के माध्यम से अपने लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। मुख्य अतिथि राजकुमार मौर्य ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उन्हें उचित मंच और मार्गदर्शन प्रदान करने की है। उन्होंने सोशल एजुकेशन डेवलपमेंट सोसाइटी द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करते हैं। कार्यक्रम में उपस्थित अन्य वक्ताओं ने भी संस्था की गतिविधियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि सामान्य बुद्धि परीक्षा जैसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी बौद्धिक क्षमता परखने का अवसर प्रदान करते हैं और उनमें आगे बढ़ने की प्रेरणा जगाते हैं। इस अवसर पर कोटेश्वर शुक्ला (प्रबंधक, कोटेश्वर इंटर कॉलेज), राजकरण यादव (प्रबंधक, बहुआ इंटर कॉलेज), सुरेंद्र सिंह यादव (जिलाध्यक्ष, समाजवादी पार्टी फतेहपुर), अभिनेश मौर्य (चेयरमैन, वीरांगना ग्रुप), अक्षय लोधी (पूर्व ब्लॉक प्रमुख, हंसवा), अनिल यादव, विक्रम सिंह, बलवीर सिंह यादव (ग्राम प्रधान, जयसिंहपुर), पंडित राधिका शास्त्री (कथावाचक), कमलाकांत द्विवेदी, विवेक श्रीवास्तव, सचिन सिंह (कोचिंग संचालक, मिचकी), महेंद्र सिंह ‘बाबू भैया’, झूरी मौर्य, गुरुदत्त सिंह, धीरेन्द्र सिंह, सत्यनारायण सिंह, अखिलेश यादव, संदीप यादव, रूपवती देवी, कामता प्रसाद सक्सेना, शनि यादव एवं सौरभ यादव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सोशल एजुकेशन डेवलपमेंट सोसाइटी, मिचकी की ओर से सभी अतिथियों, अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया। संस्था ने भविष्य में भी शिक्षा, प्रतिभा सम्मान एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प दोहराया।
Home उत्तर प्रदेश सामान्य बुद्धि परीक्षा का परिणाम घोषित, मेधावी छात्र-छात्राओं को किया गया सम्मानित







