MIRZAPUR NEWS: (तारिक अनवर) आगामी मोहर्रम पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से थाना पड़री में शुक्रवार को पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में ताजियादारों, जुलूस संचालनकर्ताओं, ग्राम प्रधानों एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भाग लिया।थानाध्यक्ष पड़री प्रदीप सिंह ने बैठक के दौरान शासन एवं जनपद मुख्यालय से प्राप्त दिशा-निर्देशों से सभी को अवगत कराते हुए त्योहार को आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि मोहर्रम जुलूस के दौरान निर्धारित मार्ग, समय और प्रशासनिक निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाए, जिससे कानून व्यवस्था बनी रहे और पर्व शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हो सके। बैठक में मौजूद लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान शांति व्यवस्था, सुरक्षा और आपसी समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।







