JHANSI NEWS: उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री तथा झांसी के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनपद स्तरीय विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक में झांसी का नया लोगो “गौरवशाली इतिहास, उज्ज्वल भविष्य” तथा “झांसी : वीरता संग विकास की ओर” का लोकार्पण किया। बैठक में उन्होंने बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, समाज कल्याण एवं विकास योजनाओं की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जनहित में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने जनप्रतिनिधियों द्वारा विद्युत विभाग के अधिकारियों के व्यवहार एवं शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही का मुद्दा उठाए जाने पर मुख्य अभियंता विद्युत को आचरण सुधारने और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि, नए विद्युत पोल लगाने तथा फीडर एवं लाइनों की नियमित जांच कराने पर जोर दिया। बैठक में नगर की पेयजल व्यवस्था पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। विधायक सदर रवि शर्मा द्वारा जलापूर्ति व्यवस्था पर असंतोष जताए जाने के बाद प्रभारी मंत्री ने जल निगम, जल संस्थान और नगर निगम को समन्वय बनाकर प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने अमृत-2 परियोजना को अगस्त 2026 तक पूर्ण करने तथा जल जीवन मिशन के अंतर्गत क्षतिग्रस्त सड़कों को प्राथमिकता से दुरुस्त कराने के आदेश दिए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों और तीमारदारों के बीच मारपीट की घटनाओं पर संज्ञान लेते हुए प्रभारी मंत्री ने जांच समिति गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए। जिला अस्पताल में प्राइवेट व्यक्तियों द्वारा दवाएं लिखे जाने की शिकायतों की जांच मुख्य विकास अधिकारी से कराने के भी आदेश दिए। साथ ही सभी सीएचसी एवं पीएचसी में चिकित्सकों के नाम, मोबाइल नंबर और विशेषज्ञता संबंधी जानकारी सार्वजनिक करने के निर्देश दिए गए। समाज कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में अव्यवस्थाओं एवं सामग्री की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें सामने आने पर प्रभारी मंत्री ने पूरे प्रकरण की जांच के आदेश दिए। उन्होंने भविष्य में विवाह पंजीकरण सुनिश्चित करने तथा पात्र लाभार्थियों को ही योजना का लाभ देने के निर्देश दिए। बैठक में विधायक बबीना राजीव सिंह पारीछा ने क्षेत्र में चरमराई विद्युत व्यवस्था का मुद्दा उठाया, जबकि विधायक मऊरानीपुर डॉ. रश्मि आर्या ने महिला रोग विशेषज्ञ की स्थायी तैनाती और अस्पतालों में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था की मांग की। विधायक गरौठा जवाहर लाल राजपूत ने निर्माणाधीन सड़क परियोजनाओं की प्रगति पर जानकारी ली। इस अवसर पर जिलाधिकारी गौरांग राठी ने जनपद की विभिन्न विकास परियोजनाओं एवं प्रशासन की नई जनसंवाद पहल की जानकारी दी, जिसकी प्रभारी मंत्री ने सराहना की। बैठक में मेयर बिहारी लाल आर्य, भाजपा महानगर अध्यक्ष सुधीर सिंह, विभिन्न विधायकगण, विधान परिषद सदस्य, गौ सेवा आयोग अध्यक्ष, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति, नगर आयुक्त आकांक्षा राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।







