KUSHINAGAR NEWS: 11 जून – 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल और भव्य आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता और मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में 15 जून से 21 जून 2026 तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा कर संबंधित विभागों की जिम्मेदारियां तय की गईं। जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिया कि योग सप्ताह के तहत होने वाले कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए सभी संबंधित विभागों को उनकी जिम्मेदारियों के संबंध में स्पष्ट आदेश पत्र समय से जारी किए जाएं, ताकि प्रत्येक विभाग अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन कर सके। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद में विभिन्न विभाग जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। इसी क्रम में 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य जनपदीय कार्यक्रम महात्मा बुद्ध स्थली पर भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में जनपद के प्रभारी मंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की गरिमा और व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी को निर्देशित किया कि मुख्य आयोजन से पहले एक समन्वय बैठक कर सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा कर ली जाए। साथ ही जनपद की विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक, स्वयंसेवी और अन्य संस्थाओं को योग दिवस कार्यक्रम में सहभागिता के लिए समय से आमंत्रित करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को अपने दायित्वों के अनुरूप पूर्व तैयारी पूरी कर लेने और सौंपे गए कार्यों को निष्ठा, समन्वय और जिम्मेदारी के साथ निभाने के निर्देश दिए, ताकि योग दिवस का आयोजन जनआंदोलन का स्वरूप ले सके। बैठक में आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी ने 15 जून से 21 जून तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तिथिवार और विभागवार कार्ययोजना का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया। उन्होंने बताया कि योग सप्ताह के दौरान शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पंचायती राज विभाग और अन्य संबंधित विभागों के सहयोग से जनजागरूकता अभियान, योग अभ्यास सत्र, संगोष्ठियां और विभिन्न जनसहभागिता आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव, परियोजना निदेशक पीयूष, जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक प्रियदर्शी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने योग दिवस को सफल, व्यवस्थित और व्यापक जनसहभागिता वाला आयोजन बनाने के लिए समन्वित प्रयास करने का आश्वासन दिया।







