डीएम ने दिए सख्त निर्देश
FATEHPUR NEWS: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग प्रयागराज द्वारा आयोजित प्रवक्ता (पुरुष/महिला) राजकीय इंटर कॉलेज प्रारंभिक परीक्षा-2025 की तैयारियों को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। बैठक में परीक्षा को शुचितापूर्ण, नकलविहीन और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने परीक्षा से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को आयोग की गाइडलाइन का भलीभांति अध्ययन कर अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, फर्नीचर, पंखे और सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता सुनिश्चित करने को कहा गया। डीएम ने संबंधित कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि जिन केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं, वहां शीघ्र कैमरे स्थापित कर उनकी जांच कर ली जाए। साथ ही कक्ष निरीक्षकों एवं अन्य संबंधित कर्मियों का प्रशिक्षण आयोग की गाइडलाइन के अनुसार समय से पूरा कराने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि प्रवक्ता (पुरुष/महिला) राजकीय इंटर कॉलेज प्रारंभिक परीक्षा-2025 का आयोजन 14 जून 2026 को जनपद के 7 परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। परीक्षा प्रातः 9:30 बजे से 11:30 बजे तक संपन्न होगी। अभ्यर्थियों की सघन तलाशी के बाद ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया जाएगा तथा महिला अभ्यर्थियों की तलाशी महिला कर्मचारियों द्वारा कराई जाएगी। बैठक में आयोग द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक ने भी परीक्षा के सफल संचालन के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर, खागा एवं बिंदकी, वरिष्ठ कोषाधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक, केंद्र प्रभारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।







