विधायक राजीव सिंह पारीछा के प्रयासों से ग्रामीणों को मिली बेहतर कनेक्टिविटी, आवागमन होगा सुगम
JHANSI NEWS: बबीना विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। क्षेत्रीय विधायक राजीव सिंह पारीछा के प्रयासों से एक ओर जहां ग्राम बैदौरा में लगभग 79.01 लाख की लागत से महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग का निर्माण पूरा हुआ है, वहीं दूसरी ओर रक्सा-टूँका-बैदौरा मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य भी लगभग 42.98 करोड़ की लागत से पूर्ण कर लिया गया है। इन दोनों परियोजनाओं से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। ग्राम बैदौरा में मुन्नालाल पचौरी के खेत के सामने से पूर्व माध्यमिक विद्यालय भड़रा तक निर्मित संपर्क मार्ग पर कुल 79 लाख 01 हजार की लागत व्यय की गई है। डामरीकरण के बाद यह सड़क अब हर मौसम में सुरक्षित और सुगम आवागमन के लिए तैयार है। इस मार्ग के निर्माण से विशेष रूप से विद्यालय आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं, किसानों, व्यापारियों तथा ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी। बरसात के दिनों में जलभराव और कीचड़ की समस्या से जूझने वाले ग्रामीणों को अब बेहतर सुविधा प्राप्त होगी। इसी क्रम में बबीना विधानसभा के अंतर्गत रक्सा-टूँका-बैदौरा मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण का कार्य भी पूरा कर लिया गया है। लगभग 4298.35 लाख (42.98 करोड़) की लागत से तैयार यह सड़क परियोजना क्षेत्र की सबसे महत्वपूर्ण विकास योजनाओं में शामिल है। लंबे समय से इस मार्ग के चौड़ीकरण की मांग की जा रही थी, जिसे अब मूर्त रूप मिल गया है।
इस सड़क के निर्माण एवं चौड़ीकरण से रक्सा, टूँका, बैदौरा सहित आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी। संकरे मार्ग और जर्जर सड़क के कारण होने वाली परेशानियों से लोगों को राहत मिलेगी तथा दुर्घटनाओं की संभावना में भी कमी आएगी। साथ ही किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में भी सहायता मिलेगी।
विधायक राजीव सिंह पारीछा ने कहा कि बबीना विधानसभा में विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। क्षेत्र के प्रत्येक गांव को बेहतर सड़क संपर्क, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई दिशा मिलेगी। इन विकास कार्यों के पूर्ण होने पर क्षेत्रवासियों, जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विधायक राजीव सिंह पारीछा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताया है। ग्रामीणों का कहना है कि बेहतर सड़क संपर्क से क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी और विकास के नए अवसर सृजित होंगे।







