Home उत्तर प्रदेश बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा ने फूंके प्रधानमंत्री, गृहमंत्री व रक्षामंत्री के पुतले

बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा ने फूंके प्रधानमंत्री, गृहमंत्री व रक्षामंत्री के पुतले

“वादा निभाओ, बुंदेलखंड राज्य बनाओ” के नारों के बीच प्रदर्शन, जनप्रतिनिधियों पर भी साधा निशाना
JHANSI NEWS: केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जहां विभिन्न स्तरों पर उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, वहीं बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा ने अलग राज्य की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। मोर्चा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और रक्षामंत्री के अलग-अलग पुतले फूंककर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
मोर्चा के अध्यक्ष भानू सहाय ने कहा कि बुंदेलखंड राज्य गठन को लेकर किए गए वादों को पूरा नहीं किया गया। उनका आरोप है कि तीन वर्ष के भीतर बुंदेलखंड राज्य बनाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन 12 वर्ष बीत जाने के बाद भी इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “प्रधानमंत्री वादा निभाओ, बुंदेलखंड को राज्य बनाओ” तथा “कसम राम की खाते हैं, बुंदेलखंड राज्य बनवाएंगे” जैसे नारे लगाए। इसके बाद सड़क किनारे रखे गए पुतलों को आग के हवाले कर दिया गया। भानू सहाय ने कहा कि बुंदेलखंड राज्य की मांग लंबे समय से चली आ रही है और क्षेत्र की जनता इसके लिए लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने क्षेत्र के सांसदों और विधायकों पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधि बुंदेलखंड की भावनाओं को अपने शीर्ष नेतृत्व तक प्रभावी ढंग से नहीं पहुंचा पा रहे हैं। मोर्चा ने मांग की कि झांसी, जालौन, ललितपुर, बांदा, महोबा, हमीरपुर, चित्रकूट समेत उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र के जनपदों को शामिल करते हुए शीघ्र अखंड बुंदेलखंड राज्य का गठन किया जाए। प्रदर्शन के दौरान मोर्चा कार्यकर्ताओं ने राज्य गठन की मांग को लेकर केंद्र सरकार से शीघ्र निर्णय लेने की अपील की। कार्यक्रम का नेतृत्व मोर्चा अध्यक्ष भानू सहाय ने किया।