Home उत्तर प्रदेश 12 जून तक AMS वापस नहीं लिया तो 15 जून को एनएचएम...

12 जून तक AMS वापस नहीं लिया तो 15 जून को एनएचएम कर्मचारी करेंगे डिप्टी सीएम कार्यालय का घेराव

SIDHARTHNAGAR NEWS: री संघ (रजि.) द्वारा माननीय उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक को पत्र लिखकर अनुरोध किया गया है कि हाल ही में संविदा कर्मचारियों हेतु AMS द्वारा उपस्थिति दर्ज करने के लिए जो आदेश जारी किया गया है तथा जिसे 15 जून तक पूरी तरह लागू करने हेतु निर्देशित किया गया है, उक्त आदेश को 12 जून तक निरस्त अथवा वापस लेने का कष्ट करें। अन्यथा की स्थिति में समस्त एनएचएम कर्मचारियों द्वारा  उपमुख्यमंत्री  बृजेश पाठक जी के कार्यालय का घेराव किया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष ठा. मयंक प्रताप सिंह ने बताया कि हम लोग अल्प वेतनभोगी हैं तथा हमें मार्च से अभी तक वेतन भी प्राप्त नहीं हुआ है, जिसके लिए हाल ही में काला फीता बांधकर तथा एक दिन का कार्य बहिष्कार कर अपना विरोध भी पूरे प्रदेश में दर्ज किया था। हमसे स्थायी कर्मचारियों से ज्यादा काम लिया जाता है, उसके बाद भी सिर्फ संविदा कर्मियों पर AMS अटेंडेंस लागू करना न्यायोचित नहीं है। अगर इसको लागू करना है तो विभाग में कार्यरत स्थायी कर्मचारी अथवा संविदा कर्मचारी, दोनों पर बराबर रूप से लागू किया जाए। अगर यह सिर्फ संविदा कर्मियों पर लागू किया जाएगा तो संगठन इसका पुरजोर विरोध स्वरूप घेराव के लिए बाध्य होगा। प्रदेश महामंत्री आदित्य भारती ने बताया कि संविदा कर्मचारी पहले से रजिस्टर में तथा बायोमेट्रिक पर अटेंडेंस लगा रहे हैं। इसके बाद AMS पर भी अटेंडेंस लगवाने हेतु और वह भी सिर्फ संविदा कर्मचारियों के लिए आदेश आने से शासन-प्रशासन की मंशा स्पष्ट दिखाई दे रही है कि संविदा कर्मचारी उनकी नजर में कामचोर हैं, जबकि संविदा कर्मचारियों द्वारा स्थायी कर्मचारियों से कहीं ज्यादा काम लिया जाता है। इस आदेश से संविदा कर्मचारी खुद को अपमानित महसूस कर रहे हैं, जिससे संगठन द्वारा खुलकर इसका विरोध किया जाएगा। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर यूपी एनएचएम संविदा कर्मचारी संघ, कुशीनगर के जिलाध्यक्ष सत्येन्द्र कुमार पाण्डेय एवं जिला महामंत्री राजू यादव ने जिलाधिकारी, कुशीनगर के माध्यम से माननीय उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री को ज्ञापन देकर उक्त आदेश को तत्काल वापस लेने एवं स्थायी-संविदा सभी कर्मचारियों पर समान नियम लागू करने की मांग की है।