Home उत्तर प्रदेश कामता राम पाल बने अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक, मनोज द्विवेदी को मिली...

कामता राम पाल बने अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक, मनोज द्विवेदी को मिली एडी बेसिक की जिम्मेदारी

PRAYAGRAJ NEWS: उत्तर प्रदेश शासन के माध्यमिक शिक्षा अनुभाग-6 द्वारा जारी स्थानांतरण आदेश के तहत शिक्षा विभाग में महत्वपूर्ण प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। शासन के आदेशानुसार कामता राम पाल को अपर शिक्षा निदेशक (बेसिक शिक्षा) के पद से स्थानांतरित कर अपर शिक्षा निदेशक (माध्यमिक शिक्षा), प्रयागराज बनाया गया है। वहीं, मनोज कुमार द्विवेदी, जो अब तक अपर शिक्षा निदेशक (माध्यमिक शिक्षा), प्रयागराज के पद पर कार्यरत थे, उन्हें बेसिक शिक्षा विभाग के अपर निदेशक पद का  दायित्व सौंपा गया है। शासन के इस निर्णय को शिक्षा विभाग में बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। जारी आदेश में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि संबंधित अधिकारी तत्काल प्रभाव से अपने वर्तमान पद का कार्यभार छोड़कर नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करें। कार्यभार ग्रहण करने तक किसी प्रकार का अवकाश स्वीकृत नहीं किया जाएगा। साथ ही, स्थानांतरित अधिकारियों एवं संबंधित नियंत्रक अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्यभार हस्तांतरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। शिक्षा विभाग के जानकारों का मानना है कि प्रशासनिक अनुभव और कार्यशैली के आधार पर दोनों अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। विशेष रूप से कामता राम पाल की माध्यमिक शिक्षा निदेशालय में तैनाती को आगामी शैक्षिक सत्र और विभागीय योजनाओं के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।शासन के इस आदेश के बाद शिक्षा विभाग में नई कार्ययोजनाओं और प्रशासनिक गतिविधियों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।