PRAYAGRAJ NEWS: जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) पीएन सिंह के सम्मान में आयोजित विदाई समारोह भावनात्मक एवं गरिमामय वातावरण में हुआ। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारियों, प्रधानाचार्यों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर उनके सफल कार्यकाल, प्रशासनिक दक्षता तथा शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए उल्लेखनीय योगदान की सराहना की।
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि पीएम सिंह ने अपने कार्यकाल के दौरान शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, विद्यालयों में अनुशासन एवं गुणवत्ता बढ़ाने तथा शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव सकारात्मक और संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाया। उनके नेतृत्व में विभाग ने अनेक महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं, जिससे जनपद की शैक्षिक गतिविधियों को नई दिशा मिली। इस अवसर पर विभिन्न शिक्षक संगठनों, प्रधानाचार्य परिषदों तथा शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने उन्हें स्मृति चिन्ह, अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। वक्ताओं ने कहा कि पीएम सिंह का सरल व्यवहार, कार्य के प्रति समर्पण और सभी को साथ लेकर चलने की कार्यशैली सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी। इसके उपरांत पीएन सिंह ने सभी अधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें अपने कार्यकाल में सभी का भरपूर सहयोग और स्नेह मिला। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में टीम भावना से कार्य करने पर ही बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। समारोह के अंत में उपस्थित लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं सुखद जीवन की कामना की। विदाई के दौरान कई शिक्षक एवं कर्मचारी भावुक दिखाई दिए और उन्होंने पीएम सिंह के साथ बिताए गए अनुभवों को साझा करते हुए उन्हें एक कुशल प्रशासक एवं संवेदनशील अधिकारी बताया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ शिक्षक डॉ प्रभाकर त्रिपाठी ने किया।








