Home उत्तर प्रदेश आरटीआई लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम-पदम नारायण

आरटीआई लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम-पदम नारायण

सूचना का अधिकार कार्यशाला में पारदर्शिता और जवाबदेही पर हुआ मंथन
PRAYAGRAJ NEWS: जिला परियोजना कार्यालय, समग्र शिक्षा अभियान, मम्फोर्डगंज स्थित सरस्वती सभागार में सोमवार को सूचना का अधिकार अधिनियम (आरटीआई) विषयक कार्यशाला एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया।  इस मौके पर मुख्य अतिथि पदुम नारायण द्विवेदी ने सूचना का अधिकार अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों, शासन व्यवस्था में पारदर्शिता एवं जवाबदेही की आवश्यकता, समयबद्ध सूचना उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तथा विभागीय दायित्वों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आरटीआई लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। संगोष्ठी के दौरान प्रतिभागियों ने आरटीआई से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने विस्तारपूर्वक उत्तर देते हुए व्यावहारिक समाधान भी सुझाए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पदुम नारायण द्विवेदी रहे। कार्यशाला में शिक्षा विभाग, आईसीडीएस तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में डायट प्राचार्य राजेंद्र प्रताप, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार, वित्त एवं लेखाधिकारी बेसिक शिक्षा नीतू सिंह यादव तथा सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) कार्यालय के उपनिरीक्षक उर्दू हरिश्चंद्र गिरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला समन्वयक समेकित शिक्षा विकास पांडे ने किया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार ने  कहा कि सूचना का अधिकार अधिनियम शासन-प्रशासन में पारदर्शिता और उत्तरदायित्व सुनिश्चित करने का प्रभावी उपकरण है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से आरटीआई प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने का आह्वान किया। कार्यशाला में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी, ज्ञानवर्धक और व्यवहारिक बताया। अंत में अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।