PRATAPGARH NEWS: विश्व पर्यावरण दिवस अभियान-2026 के तहत पर्यावरण सेना एवं दुर्गावती फाउंडेशन द्वारा मान्धाता क्षेत्र के माखनपुर गांव में साइकिल चेतना रैली का आयोजन किया गया। रैली का नेतृत्व पर्यावरण सेना प्रमुख एवं यूनेस्को वर्ल्ड वाटर अवार्ड विजेता ग्रीनमैन अजय क्रांतिकारी ने किया। टारगेट कोचिंग क्लासेज परिसर से शुरू हुई यह रैली माखनपुर प्राइमरी स्कूल से होते हुए कैलाकला मार्ग के जरिए पेट्रोल पंप तक पहुंची। रैली का उद्देश्य ऊर्जा संरक्षण, स्वास्थ्य सुरक्षा और जलवायु संरक्षण के प्रति जनमानस को जागरूक करना था। रैली में शामिल युवाओं ने साइकिल चलाकर लोगों को पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने, पेड़ लगाने, प्लास्टिक का उपयोग छोड़ने तथा जल संरक्षण का संदेश दिया। प्रतिभागियों ने लोगों से अपील की कि ऊर्जा संकट से निपटने और प्रदूषण कम करने के लिए दैनिक जीवन में साइकिल के प्रयोग को बढ़ावा दें। इस अवसर पर अजय क्रांतिकारी ने कहा कि भारत सहित पूरी दुनिया ऊर्जा संकट और पर्यावरणीय चुनौतियों का सामना कर रही है। ऐसे में पेट्रोलियम पदार्थों की खपत कम कर हरित ऊर्जा को अपनाना समय की आवश्यकता है। इससे न केवल ईंधन और धन की बचत होगी, बल्कि पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य भी सुरक्षित रहेगा।
टारगेट कोचिंग क्लासेज के प्रबंधक आशीष पटेल ने स्वयं नियमित रूप से साइकिल चलाने का संकल्प लिया तथा युवाओं को भी इसके लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में आशीष पटेल, विजय सरोज, बृजेश कुमार, निकिता, दीपा, संजना, नैना, एकता, वर्षा सिंह, ज्योति एवं आपदा मित्र नमन कुमार तिवारी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।







