Home उत्तर प्रदेश जनगणना कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्र बढ़ाने पर शिक्षकों में नाराजगी

जनगणना कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्र बढ़ाने पर शिक्षकों में नाराजगी

शिक्षकों ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
FATEHPUR NEWS: जनगणना कार्य में लगाए गए शिक्षकों ने आवंटित क्षेत्र का कार्य शत-प्रतिशत पूरा करने के बाद अतिरिक्त क्षेत्र बढ़ाए जाने पर नाराजगी जताई है। इस संबंध में शिक्षकों ने तहसीलदार को शिकायती पत्र सौंपते हुए बढ़ाए गए अतिरिक्त कार्य क्षेत्र को वापस लेने की मांग की है। बताया जाता है कि शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे जनगणना कार्य में लगे शिक्षक निखिल कुमार सिंह (कंपोजिट स्कूल गांजर), मोहम्मद इस्माइल (सहायक अध्यापक, डांडा अमौली) तथा कुशल पाल (शिक्षामित्र, डांडा अमौली) तहसील पहुंचकर तहसीलदार अचिलेश सिंह से मिले और अपनी समस्या से अवगत कराया। शिक्षकों ने लिखित शिकायत में कहा कि जनगणना के लिए जो कार्य क्षेत्र उन्हें आवंटित किया गया था, उसे भीषण गर्मी और लू के बावजूद उन्होंने शत-प्रतिशत पूरा कर लिया है। इसके बाद एक संदेश के माध्यम से उन्हें सूचित किया गया कि उनके पूर्व आवंटित क्षेत्र के अतिरिक्त कार्य क्षेत्र भी बढ़ा दिया गया है, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिक्षकों ने मांग की कि अतिरिक्त रूप से बढ़ाए गए कार्य क्षेत्र को समाप्त कर पूर्व निर्धारित क्षेत्र के अनुसार ही कार्य कराया जाए, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।