BHADOHI NEWS: नव स्थापित काशी नरेश विश्वविद्यालय, भदोही की कुलपति प्रोफेसर उमा श्रीवास्तव ने कार्यभार संभालने के बाद अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में उन्होंने आज विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों और प्राध्यापकों से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान कुलपति ने सभी शिक्षकों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने उनके कार्यक्षेत्र, अकादमिक रुचियों और विश्वविद्यालय के शैक्षणिक उन्नयन से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की। प्रोफेसर श्रीवास्तव ने संस्कृत, अंग्रेजी, भूगोल, प्राचीन इतिहास, मध्यकालीन एवं आधुनिक इतिहास, दर्शनशास्त्र, समाजशास्त्र, गृहविज्ञान और गणित विभाग के शिक्षकों से संवाद किया। उन्होंने विश्वविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सभी के समन्वित और सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। कुलपति ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शोध और नवाचार को केंद्र में रखकर विश्वविद्यालय को एक उत्कृष्ट शैक्षणिक संस्थान के रूप में विकसित किया जाएगा। विश्वविद्यालय के समग्र विकास और विभागीय जिम्मेदारियों पर चर्चा के लिए शेष विभागों के साथ भी आगामी एक-दो दिनों में बैठकें आयोजित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त, विश्वविद्यालय की समर्थ पोर्टल समिति, वेबसाइट संयोजक, प्रवेश समिति और सोशल मीडिया एवं प्रिंट मीडिया सहित विभिन्न समितियों का गठन कर दिया गया है। विश्वविद्यालय के लोगो निर्माण और ध्येय वाक्य के चयन की प्रक्रिया भी वर्तमान में प्रगति पर है।
Home उत्तर प्रदेश काशी नरेश विश्वविद्यालय में कुलपति की सक्रियता बढ़ी: विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों...







