एसएसपी कुंवर अनुपम सिंह के नेतृत्व और एएसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में पुलिस को बड़ी सफलता, इंस्पेक्टर समेत तीन पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे
JAUNPUR NEWS: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुंवर अनुपम सिंह के नेतृत्व तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में जौनपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिले के चर्चित दूल्हा हत्याकांड में वांछित एक लाख रुपये के इनामी बदमाश रवि यादव का रविवार देर रात पुलिस मुठभेड़ में अंत हो गया। गोली लगने से घायल रवि यादव को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार खेतासराय, शाहगंज, सरायख्वाजा, लाइन बाजार तथा एसओजी की संयुक्त टीम अपराधियों की तलाश में अभियान चला रही थी। इसी दौरान खेतासराय क्षेत्र में बदमाशों ने खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में रवि यादव गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। मृतक रवि यादव पुत्र कमलेश यादव निवासी सोधी, थाना खेतासराय, दूल्हा आजाद बिंद हत्याकांड का मुख्य आरोपी था। आरोप है कि 1 मई 2026 को बारात लेकर जा रहे आजाद बिंद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में रवि यादव पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। मुठभेड़ के दौरान लाइन बाजार प्रभारी निरीक्षक किरण कुमार सिंह के हाथ में गोली लगी और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं एसओजी के उपनिरीक्षक श्री प्रकाश शुक्ला एवं उपनिरीक्षक प्रवीण यादव की बुलेटप्रूफ जैकेट पर बदमाशों की गोली लगी, जिससे उनकी जान बच गई।
घटनास्थल से पुलिस ने दो पिस्टल, जिंदा और खोखा कारतूस, पल्सर मोटरसाइकिल, नकदी तथा मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी है।
जौनपुर पुलिस की इस कार्रवाई को दूल्हा हत्याकांड के खुलासे और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।







