Home उत्तर प्रदेश भदोही में बोले मुकेश सहनी, आरक्षण नहीं मिला तो सरकार को उखाड़...

भदोही में बोले मुकेश सहनी, आरक्षण नहीं मिला तो सरकार को उखाड़ फेंकेंगे, सत्ता की मलाई चाटने का आरोप लगाते हुए डॉ. संजय निषाद को दे डाला बड़ा ऑफर

BHADOHI NEWS: (नितेश श्रीवास्तव) यूपी 2027 विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक सरगर्मी तेज होती दिख रही है। भदोही पहुंचे वीआईपी प्रमुख और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने निषाद पार्टी प्रमुख डॉ. संजय निषाद और योगी-मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने समाज को आरक्षण दिलाने के लिए आंदोलन और ‘संकल्प यात्रा’ का ऐलान करते हुए कहा कि अगर समाज को उसका हक नहीं मिला तो मौजूदा सरकार को वोट नहीं दिया जाएगा। साथ ही राहुल गांधी और अखिलेश यादव से बातचीत कर इंडिया गठबंधन के साथ आगे बढ़ने के संकेत भी दिए। भदोही के ज्ञानपुर नगर स्थित एक हॉल में आयोजित बैठक में विकासशील इंसान पार्टी प्रमुख मुकेश सहनी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए समाज से एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बिंद, केवट, मल्लाह और निषाद समाज को लंबे समय से सिर्फ सपने दिखाए गए, लेकिन उनका हक नहीं मिला। पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने निषाद पार्टी प्रमुख और यूपी सरकार में मंत्री डॉ. संजय निषाद पर निशाना साधते हुए कहा कि वह केवल सत्ता की मलाई चाट रहे हैं और उनका उद्देश्य सिर्फ अपने परिवार को सेट करना और सत्ता में बने रहना है। उन्होंने आरोप लगाया कि डबल इंजन सरकार में कैबिनेट मंत्री रहते हुए भी समाज का कोई भला नहीं हुआ और आरक्षण का मुद्दा पूरी तरह भुला दिया गया। उन्होंने कहा कि समाज को आरक्षण और हक-अधिकार दिलाने के लिए अब बड़ा आंदोलन किया जाएगा। मुकेश सहनी ने 25 जुलाई से यूपी में ‘संकल्प यात्रा’ निकालने का ऐलान करते हुए कहा कि समाज के नौजवान, बुजुर्ग, माताएं और बहनें हाथ में गंगाजल लेकर संकल्प लेंगी। सहनी ने कहा कि अगर डॉ. संजय निषाद सच में समाज के हितैषी हैं तो वह योगी-मोदी सरकार से बात करके छह महीने के भीतर समाज को आरक्षण दिलाएं। अगर ऐसा नहीं होता है तो उन्हें सत्ता को लात मारकर बाहर आ जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि छह माह में संजय निषाद समाज को आरक्षण दिला देते हैं तो आगामी चुनाव में वह उनका पूरा समर्थन करेंगे, लेकिन यदि वह असफल रहते हैं तो समाज सरकार को उखाड़ फेंकने का काम करेगा।मुकेश सहनी ने कहा कि अगर डॉ. संजय निषाद सरकार छोड़कर समाज के हक की लड़ाई में साथ आते हैं, तो साथ में राहुल गांधी और अखिलेश यादव से बातचीत कर इंडिया गठबंधन में उनका स्वागत कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज अब जागरूक हो चुका है और अगर उसे उसका हक नहीं मिला तो लोग किसी लोडर नहीं, बल्कि अपने लीडर के साथ खड़े होंगे। हमला जारी रखते हुए सहनी ने कहा कि खुद मंत्री रहते हुए संजय निषाद रोते हैं कि समाज की बहू-बेटियों के साथ दुराचार हो रहा है, वोट चोरी हो रहे हैं और झूठे मुकदमे लगाए जा रहे हैं। जब सरकार में रहते हुए भी यह हाल है, तो ऐसी सरकार से बाहर निकल जाना चाहिए। मुकेश सहनी ने जातिगत जनगणना की मांग दोहराते हुए कहा कि जिसकी जितनी संख्या है, उसे उतनी हिस्सेदारी मिलनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि एनडीए में बिहार सरकार में मंत्री रहते हुए उन्होंने यूपी में 55 सीटों पर चुनाव लड़ाया था, लेकिन बाद में भाजपा ने उनके विधायक अपने साथ ले लिए और उन्हें मंत्रिमंडल से बाहर कर दिया। उन्होंने कहा कि वह लगातार अपने समाज के हक और अधिकार की लड़ाई लड़ रहे हैं और आने वाले समय में यह आंदोलन और बड़ा होगा। फिलहाल, उन्होंने कहा कि वह छह महीने तक डॉ. संजय निषाद का इंतजार करेंगे, उसके बाद यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी पार्टी का अंतिम फैसला लेंगे।