Home उत्तर प्रदेश मिशन शक्ति के तहत महिलाओं व बालिकाओं को किया गया जागरूक

मिशन शक्ति के तहत महिलाओं व बालिकाओं को किया गया जागरूक

एंटीरोमियो टीमों ने बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर चलाया जागरूकता अभियान

FATEHPUR NEWS: पुलिस अधीक्षक फतेहपुर अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में जनपद के समस्त थानों पर गठित मिशन शक्ति टीम एवं एंटीरोमियो टीम द्वारा ‘मिशन शक्ति 5.0 (फेज-2)’ के अंतर्गत महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान के पांचवें चरण के द्वितीय फेज के तहत महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनपद के सभी थानों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के अंतर्गत पुलिस टीमों ने ग्राम चौपाल लगाकर ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया और महिलाओं एवं बालिकाओं से जुड़ी समस्याओं के त्वरित एवं विधिसम्मत निस्तारण के संबंध में जानकारी दी। बुधवार को मिशन शक्ति एवं एंटीरोमियो टीमों ने बाजारों, विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं, बालिकाओं और आमजन को मिशन शक्ति 5.0 के उद्देश्यों से अवगत कराया। इस दौरान महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों की रोकथाम, आत्मरक्षा के उपाय, कानूनी अधिकारों और सुरक्षा संबंधी जरूरी जानकारी साझा की गई। जागरूकता कार्यक्रमों के दौरान प्रतिभागियों को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, चिकित्सा सहायता 108, बाल सहायता हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा साइबर अपराध से संबंधित शिकायत पोर्टल के बारे में जानकारी देकर इनके उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं और बालिकाओं से किसी भी प्रकार की उत्पीड़न, छेड़छाड़, साइबर अपराध अथवा अन्य आपराधिक गतिविधियों की सूचना तत्काल संबंधित हेल्पलाइन या पुलिस को देने की अपील की। पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा और आत्मविश्वास की भावना को मजबूत करना तथा समाज में महिला सम्मान और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। अभियान के तहत भविष्य में भी जनजागरूकता कार्यक्रम लगातार संचालित किए जाते रहेंगे।