विकास कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश
FATEHPUR NEWS: जनपद की वर्ष 2026-27 की वार्षिक कार्ययोजना के संबंध में कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने नई सड़कों के निर्माण, सड़क चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण, सेतु निर्माण, धर्मार्थ कार्य, संपर्क मार्गों एवं निरीक्षण भवनों से संबंधित प्रस्तावित कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही शासन द्वारा निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों से भी जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया गया। जनप्रतिनिधियों द्वारा विधानसभा वार दिए गए प्रस्तावों पर प्राथमिकता के आधार पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनहित एवं क्षेत्रीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावों को वरीयता प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि तैयार की जा रही वार्षिक कार्ययोजना जनपद के समग्र विकास की आधारशिला है। सभी प्रस्तावों का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए उन्हें शासन स्तर पर भेजा जाए, ताकि विकास कार्यों को शीघ्र गति मिल सके। बैठक में सांसद नरेश उत्तम, विधायक जहानाबाद राजेंद्र सिंह पटेल, विधायक अयाह शाह विकास गुप्ता, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।







