KUSHINAGAR NEWS: रामकोला नगर के मुख्य तिराहे पर शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई उचक्कागिरी की घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। भीड़भाड़ वाले बाजार में एक फल विक्रेता के ठेले से उचक्का 15 हजार रुपये लेकर फरार हो गया। हैरानी की बात यह है कि घटना स्थल के पास ही पुलिस द्वारा लगवाया गया सीसीटीवी कैमरा खराब पड़ा है।
क्या है मामला:
रामकोला निवासी संजय रौनियार रोज की तरह मुख्य तिराहे पर ठेले पर फल की दुकान लगाते हैं। शुक्रवार को दुकानदारी के दौरान एक युवक ग्राहक बनकर ठेले पर पहुंचा। मौका पाते ही आरोपी ने ठेले में रखे 15 हजार रुपये पर हाथ साफ कर दिया और भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस का CCTV निकला ‘शोपीस’, व्यापारियों में उबाल:
घटना मुख्य बाजार और रामकोला थाने से चंद कदम की दूरी पर हुई है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जिस जगह वारदात हुई, उसके पास ही कोरोना काल के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी कैमरा लगवाया था। व्यापारियों का आरोप है कि वह कैमरा सिर्फ दिखावे के लिए लगाया गया था। घटना के बाद जब पुलिस से फुटेज मांगा गया तो पुलिस ने कैमरा खराब होने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया।
स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। व्यापारियों का कहना है, “जब पुलिस का अपना कैमरा ही खराब है तो आम जनता की सुरक्षा कैसे होगी? ये कैमरा सिर्फ दिखावा है।”
पीड़ित ने थाने में दी तहरीर:
पीड़ित संजय रौनियार ने रामकोला थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। संजय का कहना है कि 15 हजार रुपये उनकी कई दिनों की कमाई थी। पुलिस अब निजी दुकानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। घटना को लेकर आम जन ने प्रशासन से बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने, खराब सीसीटीवी को तत्काल ठीक कराने और उचक्कों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।







