FATEHPUR NEWS: मलवां थाना पुलिस ने हत्या के मामले में फरार चल रहे ₹25 हजार के इनामी अभियुक्त को उसकी पत्नी समेत गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। दोनों आरोपितों को न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में जनपद में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन व क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में थाना मलवां पुलिस टीम ने आरोपितों को दबोचा। गिरफ्तार अभियुक्तों में मानसिंह (25) पुत्र राज, निवासी ग्राम बुधइयापुर मजरे कोराई, थाना मलवां शामिल है, जिस पर ₹25 हजार का इनाम घोषित था। उसके साथ उसकी पत्नी तारावती (26) को भी गिरफ्तार किया गया। दोनों मु0अ0सं0 87/2026, धारा 103(1)/191(2) बीएनएस व 3(2)(5) एससी/एसटी एक्ट के तहत दर्ज हत्या के मुकदमे में वांछित थे। पुलिस टीम ने दोनों को गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे रेलवे ओवरब्रिज के पास ट्यूबवेल के नजदीक से गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक राजीव मिश्रा के नेतृत्व में की गई। टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक विनोद सिंह, उपनिरीक्षक बृजेश कुमार, हरिश्चंद्र शुक्ला, नागेश कुमार गिरि, कांस्टेबल अजीत कुमार, अभिषेक दुबे, महिला कांस्टेबल लवली व रंजना शामिल रहीं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।







