Home उत्तर प्रदेश उपहार भेंट कर लिया आसरा ने आशीर्वाद, भावुक माहौल में गूंजा मां...

उपहार भेंट कर लिया आसरा ने आशीर्वाद, भावुक माहौल में गूंजा मां के सम्मान का संदेश

JHANSI NEWS: मातृ दिवस के अवसर पर समाजसेवी संस्था आसरा सोसाइटी द्वारा जरूरतमंद एवं बुजुर्ग माताओं के सम्मान में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने माताओं का माल्यार्पण कर उन्हें उपहार भेंट किए तथा उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया। आयोजन के दौरान भावुक एवं आत्मीय माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में उपस्थित अध्यक्ष पूजा शर्मा  ने कहा कि मां त्याग, प्रेम, ममता और संस्कारों की जीवंत प्रतिमूर्ति होती है। मां का सम्मान करना केवल एक दिन का कार्य नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि जिस घर में मां का सम्मान होता है, वहां सुख, शांति और समृद्धि का वास होता है। सम्मान पाकर कई बुजुर्ग माताएं भावुक हो उठीं। उन्होंने संस्था के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि आज उन्हें अपनेपन, सम्मान और परिवार जैसा स्नेह महसूस हुआ। माताओं ने संस्था के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए सभी सदस्यों को आशीर्वाद दिया। आसरा सोसाइटी की अध्यक्ष पूजा शर्मा ने कहा कि संस्था निरंतर समाज के जरूरतमंद, बुजुर्ग एवं असहाय लोगों की सेवा के लिए कार्य करती रहेगी। उन्होंने कहा कि मातृ दिवस हमें मां के प्रति अपने प्रेम, सम्मान और कृतज्ञता को व्यक्त करने का अवसर प्रदान करता है। कार्यक्रम में कीर्ति वर्मा, तान्या शर्मा, निशांत वर्मा, शक्ति क्रोशिया, अपर्णा कुशवाहा, सुनीता सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।