ससुर खदेरी नदी के पास जंगल में हुई मुठभेड़, दोनों पैरों में लगी गोली
FATEHPUR NEWS: जनपद पुलिस को बुधवार देर रात बड़ी सफलता हाथ लगी, जब थाना खागा, हथगांव, थरियांव एवं एसओजी की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के दौरान एक लाख रुपये के इनामी बदमाश बबलू सिंह उर्फ भूत को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कार्रवाई के दौरान अभियुक्त के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार थाना खागा क्षेत्रान्तर्गत ससुर खदेरी नदी के पास जंगल में वांछित अभियुक्त की मौजूदगी की सूचना मिली थी। सूचना पर संयुक्त पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च अभियान चलाया। इसी दौरान पुलिस टीम का सामना इनामी बदमाश बबलू सिंह उर्फ भूत पुत्र धर्मराज उर्फ मन्ना सिंह निवासी गढ़ी कस्बा थाना खागा से हो गया। बताया गया कि पुलिस टीम को देखकर अभियुक्त ने अवैध तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ गोली चलाई, जिसमें अभियुक्त के दोनों पैरों में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, चार खोखा कारतूस 315 बोर, एक जिंदा कारतूस तथा 1600 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। घायल अभियुक्त को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस के मुताबिक अभियुक्त थाना खागा पर पंजीकृत मु0अ0सं0 115/26 में वांछित था। उसके विरुद्ध धारा 70(1), 3(5), 74, 130, 308(2), 352, 351(3), 115(2), 127(2) बीएनएस तथा 66(E) आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। अभियुक्त की गिरफ्तारी पर अपर पुलिस महानिदेशक प्रयागराज जोन द्वारा एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने बताया कि अब तक की जानकारी में अभियुक्त के विरुद्ध थाना खागा में चार आपराधिक मुकदमे दर्ज पाए गए हैं, जबकि उसके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। मामले में थाना खागा पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। उपरोक्त आरोपी खागा गैंगरेप काण्ड का मुख्य आरोपी रहा है। इस मुठभेड़ की खबर के बाद इस कांड में जिस किसी ने भी कार्यवाही की मांग की थी उन सभी ने पुलिस की सराहना की है।







