निरीक्षण के दौरान उनके द्वारा संबंधित को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश
BHADOHI NEWS: जनपद की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से एएसपी शुभम अग्रवाल ने शनिवार को थाना चैरी का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया। जहां पर उनके द्वारा संबंधित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान एएसपी ने थाना कार्यालय के विभिन्न रजिस्टरों जैसे, अपराध रजिस्टर, विवेचना रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर समेत अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों का गहनता से अवलोकन किया तथा मालखानें, शस्त्रागार और मिशन शक्ति केंद्र एवं महिला हेल्पडेस्क का बारीकी से अवलोकन किया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने थाना परिसर, बैरक और भोजनालय की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। जिसके उपरांत संबंधित पुलिसकर्मियों को उच्च मानकों के अनुरूप रखरखाव बनाए रखने के निर्देश दिए। एएसपी ने लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए विवेचकों को प्रत्येक विवेचना का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करने के लिए सख्त निर्देश दिए। उन्होंने थाना क्षेत्र में रात्रि गश्त व पैदल गश्त को और अधिक प्रभावी बनाए जाने के निर्देश दिए। थाना परिसर में खड़े लावारिस व मुकदमाती वाहनों का नियमानुसार नीलामी की प्रक्रिया पूर्ण कर निस्तारण कराए जाने के लिए संबंधित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। यह निरीक्षण पुलिस थानों की कार्यक्षमता एवं तत्परता को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।







