JHANSI NEWS: बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं नागरिक सुरक्षा के संयुक्त तत्वावधान में शहर के विभिन्न स्थानों पर राहगीरों के लिए शीतल पेयजल व शरबत वितरण की व्यवस्था की जा रही है। इसी क्रम में चमनगंज चौकी, सीपरी बाजार में निशुल्क प्याऊ का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी/नियंत्रक नागरिक सुरक्षा कोर झांसी गौरांग राठी के निर्देशन, प्रभारी नागरिक सुरक्षा/नगर मजिस्ट्रेट प्रमोद झा, प्रभारी उप नियंत्रक अजय यादव, वरिष्ठ सहायक नियंत्रक सुनील सिंह एवं प्रभारी सहायक नियंत्रक सुमित गौर के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन चौकी प्रभारी प्रदीप शर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संयोजन प्रभारी डिवीजनल वार्डन अंबिका श्रीवास्तव एवं घटना नियंत्रण अधिकारी डॉ. सुश्री प्रगति शर्मा ने किया। इस दौरान वार्डनों द्वारा राहगीरों को शीतल जल पिलाया गया तथा आमजन से अपील की गई कि इस भीषण गर्मी में अपनी सामर्थ्य के अनुसार जल, शरबत, छाछ, सत्तू एवं बेल का शरबत आदि का वितरण कर सेवा कार्य में योगदान दें। नगरा प्रभाग की अंबिका श्रीवास्तव एवं डॉ. प्रगति शर्मा की यह पहल मानवता और सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आई।
इस अवसर पर भूपेन खत्री, मनीष गुप्ता, नकुल कुशवाहा, जॉय बोस, हरजिंदर सिंह, अज्जू मेहरोलिया, दीपशिखा शर्मा सहित कई वार्डन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।







