Home उत्तर प्रदेश मतदाता सूची में नए नाम अपेक्षा से कम जुड़ने पर सपा ने...

मतदाता सूची में नए नाम अपेक्षा से कम जुड़ने पर सपा ने जताई चिंता, संगठन को दिए सक्रियता के निर्देश

JAUNPUR NEWS: समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक शनिवार को जिला कार्यालय सदर चुंगी, अलफस्टीनगंज में जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में विशेष पुनरीक्षण अभियान (SIR) के अंतर्गत नए एवं युवा मतदाताओं के नाम अपेक्षा के अनुरूप मतदाता सूची में शामिल न होने पर चिंता व्यक्त की गई तथा पार्टी कार्यकर्ताओं को छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने के लिए सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया। बैठक में जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने कहा कि समाजवादी पार्टी द्वारा बूथ स्तर पर नए मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए व्यापक अभियान चलाया गया था, लेकिन आवेदन किए गए नामों में अपेक्षाकृत कम नाम शामिल होने की सूचना मिल रही है। उन्होंने कहा कि इस स्थिति से प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर सवाल उठते हैं, इसलिए पार्टी कार्यकर्ता और बीएलए पूरी गंभीरता से पुनः अभियान में जुटें। उन्होंने विधानसभा अध्यक्षों, सेक्टर प्रभारियों और बूथ लेवल एजेंटों से कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे। नए, युवा और छूटे हुए मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया में समाजवादी कार्यकर्ता पूरी जिम्मेदारी के साथ सहयोग करें। बैठक में संगठन की आगामी रणनीति, बूथ सशक्तिकरण तथा 2027 की तैयारियों को लेकर भी चर्चा की गई। समाजवादी पार्टी इन दिनों प्रदेशभर में अपने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और जमीनी पकड़ बढ़ाने में जुटी है। बैठक को विभिन्न विधानसभा क्षेत्र अध्यक्षों एवं वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया। संचालन जिला महासचिव आरिफ हबीब ने किया।