Home उत्तर प्रदेश जिला कचहरी के अधिवक्ताओं ने फैमिली कोर्ट की फाइलों को लालगंज व...

जिला कचहरी के अधिवक्ताओं ने फैमिली कोर्ट की फाइलों को लालगंज व मड़िहान तहसीलों में स्थानांतरित करने का किया विरोध

MIRZAPUR NEWS: जनपद के जिला न्यायालय से विभिन्न दीवानी और फौजदारी मुकदमों को हाईकोर्ट के निर्देश पर जिला जज के आदेश से लगातार ग्राम न्यायालयों में भेजा जा रहा है। जानकारी के मुताबिक,अब परिवार न्यायालय की लालगंज और मड़िहान से संबंधित फाइलें, जिनमें बीएनएसएस की धारा 144 (पूर्व में सीआरपीसी 125) से संबंधित मामले हैं, उन्हें भी ग्राम न्यायालयों में स्थानांतरित कर दिया गया है। अन्य फाइलों को भी स्थानांतरित करने की तैयारी है। इसके विरोध में मीरजापुर कचहरी के अधिवक्ता एकजुट हुए। वरिष्ठ अधिवक्ता सुनील कुमार पांडे, पांडेय चैंबर्स के वरिष्ठ अधिवक्ता दिलीप सिंह गहरवार, सहयोगी अधिवक्ता राकेश वर्मा, राजमणि दुबे, प्रिंस सिंह सहित अन्य अधिवक्ताओं ने जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अभय राज सिंह को पत्र लिखकर फैमिली कोर्ट की फाइलों के स्थानांतरण पर रोक लगाने की मांग की। मांग पत्र सौंपते हुए सुनील कुमार पांडेय एडवोकेट ने कहा कि यदि फाइलों का स्थानांतरण तत्काल नहीं रोका गया तो जिला न्यायालय में अधिवक्ताओं के लिए प्रैक्टिस हेतु कुछ भी शेष नहीं रह जाएगा। इस पर जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अभयराज सिंह ने बताया कि इस संबंध में सुबह बैठक हुई और बार का एक प्रतिनिधिमंडल जनपद न्यायाधीश अरविंद मिश्रा से मिला। उन्होंने आश्वासन दिया है कि परिवार न्यायालय की फाइलों को जल्द वापस मंगाया जाएगा और लिखित स्थगन आदेश भी जारी किया जाएगा। इस आश्वासन के बाद अधिवक्ता जनपद न्यायाधीश द्वारा स्थगन आदेश जारी होने का इंतजार कर रहे हैं। आगे की रणनीति इसी के अनुसार तय की जाएगी।