अधिकारियों को त्वरित व गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण के निर्देश
चकरोड, भूमि विवाद और मारपीट के मामले प्रमुखता से उठे
FATEHPUR NEWS: तहसील बिंदकी के सभागार कक्ष में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स, पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक तथा जहानाबाद क्षेत्र के भाजपा विधायक राजेंद्र सिंह पटेल ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कुल 141 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 25 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। संपूर्ण समाधान दिवस सुबह करीब 11 बजे शुरू हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्राप्त शिकायतों का त्वरित और गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। विधायक राजेंद्र सिंह पटेल ने भी जन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग की सर्वाधिक 87 शिकायतें रहीं, जबकि पुलिस से संबंधित 33, विकास से जुड़ी 14, समाज कल्याण की 4, स्वास्थ्य विभाग की 1 और अन्य 2 शिकायतें शामिल रहीं। संपूर्ण समाधान दिवस में कई गंभीर मामले भी सामने आए। सेलावन गांव निवासी कृपा शंकर ने पट्टे की भूमि की पैमाइश कराने की मांग की। चांदपुर थाना क्षेत्र के बिजौली गांव की राम जानकी ने बटाई के खेत का 10 हजार रुपये न मिलने की शिकायत दर्ज कराई। जाफरगंज थाना क्षेत्र के निबावर गांव के ग्रामीणों ने चकरोड खुलवाने की मांग करते हुए आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने रास्ता अवरुद्ध कर रखा है। इसी तरह छोटा लालपुर मजीरे सरकंडी की उषा देवी ने आरोप लगाया कि गांव के एक व्यक्ति ने उनकी दीवार गिरा दी और बबूल का पेड़ काट दिया। वहीं डीघ गांव की सुमित्रा देवी ने पड़ोसियों पर अभद्रता और मारपीट की धमकी देने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी प्रियंका अग्रवाल, तहसीलदार अचिलेश सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. इश्तियाक अहमद, नायब तहसीलदार सुरेश कुमार, रचना यादव, प्रतिमा द्विवेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। संपूर्ण समाधान दिवस में अधिकारियों ने लोगों को आश्वस्त किया कि सभी शिकायतों का समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण किया जाएगा।







