लोहगरा में मजदूर दिवस पर विधायक डॉ. वाचस्पति का संदेश, श्रमिकों को मिला सम्मान और नई ऊर्जा
PRAYAGRAJ NEWS: (सलीम खान संवाददाता) यमुनानगर क्षेत्र के बारा तहसील अंतर्गत लोहगरा स्थित एनटीपीसी परिसर में शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर एक प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला। इस मौके पर बारा विधायक डॉ.वाचस्पति स्वयं श्रमिकों के बीच पहुंचे और उनके हौसले को नई उड़ान दी।उन्होंने मजदूरों के बीच जाकर न केवल उनका अभिवादन किया, बल्कि उनके संघर्ष और मेहनत को नजदीक से समझते हुए हर उस हाथ को सम्मान दिया, जो देश की प्रगति की नींव मजबूत कर रहा है। अपने संबोधन में डॉ. वाचस्पति ने कहा, “आपकी मेहनत, समर्पण और संघर्ष ही देश की असली ताकत है। आपके पसीने की हर बूंद राष्ट्र के विकास की कहानी लिखती है। आपका श्रम ही हमारा सम्मान है।” इसी दौरान विधायक ने विभागीय अधिकारियों से श्रमिकों के मानदेय को बढ़ाने हेतु भी कहा। इन शब्दों ने वहां मौजूद श्रमिकों के दिलों में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास भर दिया। इस दौरान उन्होंने मजदूरों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और समय प्रबंधन को जीवन का हिस्सा बनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और अनुशासित दिनचर्या ही सफलता की असली कुंजी है। एनटीपीसी लोहगरा में आयोजित यह कार्यक्रम केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि मेहनतकश श्रमिकों के सम्मान, उनके संघर्ष और उनके योगदान को सलाम करने का एक सशक्त संदेश बनकर उभरा। मजदूर दिवस पर यह आयोजन लंबे समय तक याद रखा जाएगा। कार्यक्रम के दौरान बारा पावर प्लांट के अधिकारी, विधायक प्रतिनिधि एवं सैंकड़ों श्रमिक मौजूद रहें।







