दबंगो ने चौकी में घुसकर कानून को रौंदा
MIRZAPUR NEWS: कोतवाली शहर क्षेत्र स्थित सदर अस्पताल पुलिस चौकी में बुधवार देर रात दबंगों ने जमकर उत्पात मचाया। ई-रिक्शा चालक से हुए विवाद में हस्तक्षेप करने पहुँची पुलिस टीम पर ही हमला कर दिया गया। हमलावरों ने चौकी में घुसकर चौकी प्रभारी व सिपाही के साथ मारपीट की, वर्दी फाड़ दी और मोबाइल फोन तक छीन लिए। जानकारी के मुताबिक रात करीब 10:30 बजे एक ई-रिक्शा चालक और पैदल युवक के बीच हल्की टक्कर हो गई थी। इसके बाद कुछ लोगों ने चालक गुड्डू सरदार की पिटाई शुरू कर दी। सूचना पर पहुँची अस्पताल चौकी पुलिस दोनों पक्षों को चौकी ले आई।
चौकी पहुँचने के बाद मामला और भड़क गया। आरोप है कि दबंगों ने अपने गांव नेवली से 15–20 लोगों को फोन कर बुला लिया। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग चौकी पर जुट गए और पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की शुरू कर दी। देखते ही देखते उग्र भीड़ चौकी के अंदर घुस गई और चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मनोज कुमार राय व सिपाही कमलेश पासवान के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों ने सिपाही का सिर फोड़ दिया, दरोगा की वर्दी फाड़ दी, कॉलर पकड़कर बदसलूकी की और मोबाइल फोन व बैज छीन लिए। उपनिरीक्षक मनोज कुमार राय ने बताया कि करीब 50 की संख्या में लोग चौकी में घुस आए थे। भीड़ इतनी आक्रामक थी कि पुलिसकर्मी मदद के लिए किसी को सूचना तक नहीं दे सके।कुछ लोग हथियार लेकर भी आए थे। घायल सिपाही कमलेश पासवान ने बताया कि भीड़ में शामिल एक लगभग 50 वर्षीय व्यक्ति खुद को हाईकोर्ट का वकील बता रहा था और पिस्टल लहराते हुए कह रहा था कि मर्डर कर देंगे। घटना के बाद पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। घायल पुलिसकर्मियों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। सीओ सिटी विवेक जावला ने बताया कि 29 अप्रैल 2026 की इस घटना में चौकी प्रभारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने भरत तिवारी, मनोज त्रिपाठी, विकास त्रिपाठी और विक्की उर्फ हरेन्द्र प्रताप समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। सभी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।







