फोटो:1 मौके पर पहुंचे सीओ मयंक द्विवेदी और थानाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद
फोटो:2 फाइल फोटो मंजू उर्फ लाली
दो घंटे बाद कोतवाली ढेबरुआ पुलिस को दी गई सूचना, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
SIDHARTHNAGAR NEWS: कोतवाली ढेबरुआ क्षेत्र के ग्राम पंचायत संसरी के टोला करुआ में सोमवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत हो गई। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार, मृतका मंजू उर्फ लाली (20) पत्नी राजेश यादव की सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच घर के सामने बने घर के एक कमरे में आग लगने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने मायके पक्ष को सूचना दी और शव को कपड़े से ढककर कमरे को बाहर से बंद कर दिया। लगभग दो घंटे बाद कोतवाली ढेबरुआ पुलिस को मामले की सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश किया और जांच शुरू की। दोपहर में फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा रहा। पड़ोसियों ने घटना के संबंध में कुछ भी बताने से परहेज किया, जबकि परिजनों के बयान भी स्पष्ट नहीं होने से मामला और अधिक संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। मृतका की सास शुभावती के अनुसार, घटना के समय घर के सभी सदस्य बाहर थे। उनका कहना है कि सुबह बहू दूसरे मकान से आई थी और कुछ ही देर बाद कमरे में आग लग गई। पड़ोसियों द्वारा धुआं उठने की सूचना मिलने पर लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक मंजू की मौत हो चुकी थी। वहीं, मृतका की मां कपूरा देवी पत्नी स्वर्गीय सत्यनारायण, निवासी ग्राम दुबौलिया थाना चिल्हिया, ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उनकी बेटी की शादी 18 अप्रैल 2024 को राजेश यादव के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही दहेज और संपत्ति को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने ससुराल पक्ष पर बेटी को जलाकर मार डालने का आरोप लगाया है। मायके पक्ष ने पारिवारिक विवाद और कथित अवैध संबंधों को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए हैं, जिन्हें पुलिस जांच के दायरे में लिया गया है। थानाध्यक्ष, कोतवाली ढेबरुआ दुर्गा प्रसाद ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








