KUSHINAGAR NEWS: शासन द्वारा दिये गये निर्देशों के क्रम में जनपद कुशीनगर में संचालित ऐसे समस्त विद्यालय, जिनमें स्कूली वाहनों के माध्यम से बच्चों का आवागमन होता है, उनके वाहनों का भौतिक निरीक्षण कर विवरण को UPISVMP पोर्टल पर अपलोड किया जाना सुनिश्चित किया जा रहा है। इसी क्रम में सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (ए0आर0टी0ओ0) कुशीनगर मो० अजीम द्वारा प्रातः 08:00 बजे से दोपहर 02:00 बजे तक जनपद की विभिन्न तहसीलों में चरणबद्ध कैम्प का आयोजन किया गया। प्रथम चरण में दिनांक 26.04.2026 को आर0डी0 प्रसाद वर्मा, सम्भागीय निरीक्षक (प्राविधिक) के पर्यवेक्षण में तहसील पडरौना अन्तर्गत ए0आर0टी0ओ0 कार्यालय रविन्द्रनगर (धूस) तथा बलवन्त सिंह, यात्रीकर अधिकारी के पर्यवेक्षण में तहसील कसया अन्तर्गत लीलावती देवी स्टेडियम कुशीनगर एवं पावा नगर महावीर इण्टर कॉलेज, फाजिलनगर में कैम्प आयोजित किये गये। उक्त कैम्प के दौरान कुल 103 स्कूली वाहनों का भौतिक निरीक्षण किया गया, जिनमें से 95 वाहन शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए गए, जिन्हें UPISVMP पोर्टल पर अपलोड किया गया। शेष 08 वाहन मानकों के अनुरूप न पाए जाने पर संबंधित विद्यालय प्रबंधन को निर्देशित किया गया कि वे 03 दिवस के भीतर आवश्यक सुधार कर पुनः निरीक्षण हेतु वाहन प्रस्तुत करें। सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी द्वारा जनपद के समस्त विद्यालयों के स्वामी/प्रबंधक/प्राचार्यों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने सभी स्कूली वाहनों को शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही संचालित करें। निरीक्षण के दौरान यदि कोई वाहन मानकों के विपरीत पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत चालान एवं वाहन निरुद्ध (बंद) करने की कार्यवाही की जाएगी। इस अवसर पर मो० अजीम (ए0आर0टी0ओ0), बलवन्त सिंह (यात्रीकर अधिकारी), आर0डी0 प्रसाद वर्मा (सम्भागीय निरीक्षक, प्राविधिक), अरविन्द कुमार वर्मा, कफील अहमद, आर0पी0 सिंह, राहुल सिंह, बासुदेव यादव, मुख्तारूल हसन, रंजीत कुमार वर्मा, रमेश मिश्रा, रामसूरत सहित प्रवर्तन दल के समस्त कर्मचारीगण उपस्थित रहे।







