पुलिस ने जेवर और नगदी किया बरामद
FATEHPUR NEWS: बिंदकी कोतवाली पुलिस ने टप्पेबाजी की वारदात का खुलासा करते हुए सास-बहू और भतीजी समेत तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी किया गया सोने का एक जोड़ी कान का जेवर (बाली/बिजली) और 1260 रुपये नगद बरामद किए हैं। गिरफ्तार तीनों आरोपितों को न्यायालय भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम बिंदकी कस्बे के गांधी चौराहे के पास आरती देवी पत्नी राजा सैनी निवासी ग्राम सरकंडी थाना असोथर के साथ टप्पेबाजी की घटना हुई थी। पीड़िता के पर्स से सोने की एक जोड़ी कान की बाली और नगदी पार कर दी गई थी। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और आरोपितों की तलाश शुरू कर दी गई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमोद राव और कस्बा इंचार्ज राज नारायण नायक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बुधवार दोपहर करीब 2 बजे कार्रवाई करते हुए तीनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। पकड़ी गई महिलाओं की पहचान सिंधु खडसे (लगभग 50 वर्ष) पत्नी राजेश, उसकी चचिया सास कल्याणी खडसे (लगभग 48 वर्ष) पत्नी सुलेश खडसे और भतीजी उजिता खडसे पत्नी रवि खडसे के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी मूल रूप से महाराष्ट्र के नागपुर क्षेत्र की रहने वाली हैं, जबकि वर्तमान में कानपुर के किदवई नगर क्षेत्र में झुग्गी-झोपड़ी में रह रही थीं। तलाशी के दौरान इनके पास से टप्पेबाजी में छीने गए सोने के जेवर और नगदी बरामद कर ली गई। पुलिस ने तीनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है। साथ ही अन्य घटनाओं में इनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।







