Home उत्तर प्रदेश चौकी की फेमस चाय दुकान पर हमला, मारपीट और अभद्रता के आरोप...

चौकी की फेमस चाय दुकान पर हमला, मारपीट और अभद्रता के आरोप से बढ़ा तनाव

अखिलेश यादव के नाम पर विवाद करके हुआ उपद्रव
FATEHPUR NEWS: जिले के सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक चाय की दुकान पर हुई मारपीट की घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। मामूली कहासुनी के बाद शुरू हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें तोड़फोड़, लूट और महिलाओं से अभद्रता के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। जानकारी के अनुसार, चौकी चौराहे पर स्थित शेषमन की फेमस चाय की दुकान और उनके सुपुत्र “आर्यन कॉमेडियन” के नाम से चर्चित चाय की दुकान पर शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे कुछ लोगों ने हमला कर दिया। पीड़ित पक्ष के अनुसार, अल्लीपुर निवासी जरजीस, कय्यूम अहमद, यासीन अहमद, जावेद अहमद समेत 16-17 लोगों ने दुकान पर पहुंचकर आर्यन, उसकी बहन आरती, मां राजकुमारी और अन्य महिला परिजनों के साथ मारपीट की। शिकायतकर्ता शेषमणि यादव ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया और उनकी लज्जा भंग करने की कोशिश की। साथ ही दुकान में तोड़फोड़ कर गुल्लक से करीब ₹7000 भी लूट लिए गए। पीड़ित परिवार का यह भी कहना है कि आरोपियों ने जान से मारने और गोली मारने की धमकी दी। वहीं आर्यन यादव ने बताया कि दुकान पर कुछ मुस्लिम समाज के लोग आए और चाय पिए उसके बाद अखिलेश यादव को चाय पिलाने की बात का तंज कसते हुए मारपीट और अभद्रता की है। पीड़ितों ने बताया कि ये उपद्रवी लोग भाजपा नेता एवं मोहम्मदपुर गौती वार्ड से जिला पंचायत सदस्य महमूद कुरैशी के सगे रिश्तेदार हैं जो इजूरा गांव के मूल निवासी हैं। घटना के बाद मामला तूल पकड़ता नजर आ रहा है। बजरंग दल के कार्यकर्ता भी सक्रिय हो गए हैं। संगठन से जुड़े नेता नरेंद्र हिंदू ने थाना सुल्तानपुर घोष पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं इस मामले में थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए रखी है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।