दूरदराज के गरीब छात्रों को मिला बड़ा सहारा, फाउंडेशन की पहल से अब नहीं छूटेगी पढ़ाई
FATEHPUR NEWS: खागा तहसील क्षेत्र के खखरेरू नगर पंचायत अंतर्गत वार्ड नंबर 6 प्रताप नगर स्थित नूरुल हुदा सेकेंडरी स्कूल में बुधवार को सत्या खुशहाल जीवनदान स्वास्तिया फाउंडेशन द्वारा 34 छात्र-छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं।
स्कूल के प्रबंधक मोहम्मद इसराइल ने बच्चों को साइकिलें सौंपते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर प्रधानाचार्य जावेद आलम, शिक्षक धर्मेंद्र मिश्रा, कृपाशंकर सिंह, बालकिशुन, अशीष राठौर, शहजाद आलम, दीपक कुमार सहित समस्त शिक्षक स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों ने फाउंडेशन और स्कूल प्रबंधक मोहम्मद इसराइल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह पहल बच्चों की शिक्षा के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी। खखरेरू क्षेत्र यमुना तटवर्ती एवं अति पिछड़ा इलाका है, जहां कई बच्चों को स्कूल पहुंचने के लिए रोजाना 3 से 5 किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ता है। कच्चे रास्तों, तेज धूप और बरसात के दिनों में कीचड़ भरे मार्ग से गुजरना बच्चों के लिए बड़ी चुनौती होती है। साइकिल मिलने से अब छात्रों को स्कूल आने-जाने में सहूलियत मिलेगी। उनका समय बचेगा, थकान कम होगी और पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़ेगा। इस मौके पर स्कूल प्रबंधक मोहम्मद इसराइल ने बताया कि क्षेत्र में संसाधनों की कमी के कारण कई बच्चे पढ़ाई से वंचित रह जाते हैं। फाउंडेशन का उद्देश्य है कि कोई भी बच्चा सिर्फ आने-जाने की परेशानी के कारण अपनी शिक्षा न छोड़े। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही गरीबी से बाहर निकलने का सबसे प्रभावी माध्यम है और भविष्य में भी जरूरतमंद बच्चों की सहायता के लिए ऐसे प्रयास जारी रहेंगे।







