PRATAPGARH NEWS: रामपुरखास विधानसभा क्षेत्र के लालगंज स्थित अम्बेडकर पार्क में अम्बेडकर जयंती पर हुए कार्यक्रम में भारी संख्या में उपस्थिति को लेकर राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी तथा रामपुरखास की विधायक आराधना मिश्रा मोना ने आयोजन समिति के प्रयासों को सराहा है। सांसद प्रमोद तिवारी तथा विधायक मोना ने कहा कि इस कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ ने रामपुरखास की एकजुटता और विकास के संकल्पों को नई ताकत दी है। नेताद्वय ने कहा कि कार्यक्रम में अनुसूचित जाति के लोगों व युवाओं की भागीदारी से यहां विकास के मिशन को आगे बढ़ाने में गंगा जमुनी तहजीब को मजबूती मिली है। सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि इस विशाल भागीदारी को लेकर उनका रामपुरखास में गरीबों पर जुल्म ढाने वाली ताकतों के खिलाफ संघर्ष का मिशन और तेज होगा। सांसद प्रमोद तिवारी व विधायक मोना ने आयोजन में विशाल जनसहभागिता के लिए डॉ0 अम्बेडकर जनकल्याण सेवा समिति के प्रबंधन के प्रति भी संयुक्त आभार जताया है।







