PRAYAGRAJ NEWS: जिलाधिकारी प्रयागराज मनीष कुमार वर्मा ने एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए आपूर्ति निरीक्षक दिनेश कुमार को तत्काल प्रभाव से मुख्यालय से अटैच कर दिया है। यह कार्रवाई एक लिखित शिकायत के आधार पर की गई है, जिसमें राशन वितरण और अवैध वसूली से जुड़े गंभीर आरोप लगाए गए थे। शिकायत में आरोप है कि संबंधित आपूर्ति निरीक्षक द्वारा कोटेदारों से मासिक रूप से 1000 से 3000 रुपये तक की वसूली की जा रही थी। साथ ही यूनिट बढ़ाने, कार्ड बनवाने एवं अन्य कार्यों के नाम पर भी अतिरिक्त धन की मांग की जा रही थी। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया कि कई कोटेदारों को दबाव बनाकर भुगतान करने के लिए मजबूर किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए एडीएम सिटी सत्यम मिश्रा को पूरे प्रकरण की जांच सौंपी है। जांच पूरी होने तक संबंधित आपूर्ति निरीक्षक को मुख्यालय से संबद्ध रखा गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दोष सिद्ध होने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई से जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश गया है और राशन वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में इसे एक अहम कदम माना जा रहा है।
Home उत्तर प्रदेश जिला अधिकारी प्रयागराज का बड़ा एक्शन,आपूर्ति निरीक्षक दिनेश कुमार मुख्यालय अटैच, जांच...







