Home उत्तर प्रदेश मिशन शक्ति मिशन फेज-5 के तहत डिजिटल साक्षरता व साइबर सुरक्षा, नारी...

मिशन शक्ति मिशन फेज-5 के तहत डिजिटल साक्षरता व साइबर सुरक्षा, नारी शक्ति अभियान में मानव श्रृंखला से जागरूकता का संदेश

KAUSHAMBI NEWS:  राजकीय महाविद्यालय सिराथू में महिला सशक्तिकरण एवं जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। इस क्रम में मिशन शक्ति 5.0 (फेज-2) के अंतर्गत डिजिटल साक्षरता एवं साइबर सुरक्षा कार्यक्रम तथा “नारी शक्ति वंदन अधिनियम, 2023–प्रचार अभियान” के तहत नारी शक्ति दीवार एवं मानव श्रृंखला कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. संजय प्रसाद शर्मा ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए शिक्षा, जागरूकता और तकनीकी दक्षता अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर उन्होंने गीत के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं आत्मबल से सशक्त बनने का संदेश दिया, जिससे कार्यक्रम का वातावरण प्रेरणादायक बन गया। मिशन शक्ति 5.0 (फेज-2) के अंतर्गत आयोजित डिजिटल साक्षरता एवं साइबर सुरक्षा कार्यक्रम में छात्राओं को इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग, डिजिटल भुगतान, ऑनलाइन सेवाओं तथा सरकारी पोर्टलों के उपयोग की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं—जैसे ऑनलाइन धोखाधड़ी, फिशिंग, ओटीपी सुरक्षा एवं डेटा संरक्षण—के प्रति जागरूक किया गया तथा व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। इस अवसर पर प्राध्यापिका प्रो. मीरा पाल, प्रो. स्मिता पॉल तथा डॉ. उत्तम कुमार शुक्ल, डॉ. विकास चंद्र, डॉ. अय्यूब अहमद एवं डॉ. विपुल सिंह सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षक उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान दिया। इसके अतिरिक्त नारी शक्ति वंदन अधिनियम, 2023–प्रचार अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय परिसर में “नारी शक्ति दीवार” स्थापित की गई, जहाँ छात्राओं ने महिला सशक्तिकरण से जुड़े अपने विचार व्यक्त किए। इसके साथ ही छात्राओं ने मानव श्रृंखला बनाकर समाज में महिला अधिकारों एवं लैंगिक समानता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रमों में छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और महिला सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।