Home उत्तर प्रदेश प्राथमिक विद्यालय मलूकपुर में वार्षिकोत्सव व प्रतिभा अलंकरण समारोह संपन्न

प्राथमिक विद्यालय मलूकपुर में वार्षिकोत्सव व प्रतिभा अलंकरण समारोह संपन्न

छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित
FATEHPUR NEWS: विकासखंड ऐरायाँ के प्राथमिक विद्यालय मलूकपुर में सोमवार को वार्षिकोत्सव, स्कूल चलो अभियान एवं प्रतिभा अलंकरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मनोज कुमार (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र संपर्क एवं विमर्श प्रमुख) रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में घनश्याम, कृष्ण स्वरूप, विजय त्रिपाठी, राधेश्याम दीक्षित एवं जयचंद पाण्डेय सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रधानाध्यापक डॉ अंबिका प्रसाद मिश्रा ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया। अपने संबोधन में मनोज कुमार ने ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालय में इस प्रकार के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कारों की पाठशाला है। उन्होंने कहा कि बच्चों में अच्छे संस्कार और संस्कृति का विकास कर उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनाया जा सकता है। अन्य वक्ताओं ने भी विद्यालय के शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर वार्षिक परीक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय की छात्रा जयशिका मौर्य को सर्वाधिक अंक प्राप्त करने पर “टॉपर ऑफ द स्कूल” पुरस्कार प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त, 100 प्रतिशत उपस्थिति वाले विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया। विद्यालय में गठित बाल संसद के सक्रिय सदस्यों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए मेडल प्रदान किए गए। वहीं, कक्षा एक के नवप्रवेशी बच्चों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें वितरित कर “स्कूल चलो अभियान” का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। अंत में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक आनंद कुमार मिश्र ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। वंदेमातरम के सामूहिक गायन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।