JHANSI NEWS: थाना सीपरी बाजार क्षेत्र के अंतर्गत मसीहागंज चौकी इलाके में बुलेट मोटरसाइकिल से पटाखों जैसी तेज आवाज निकालकर क्षेत्र में दहशत और हुड़दंग मचाने वाले युवकों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। लगातार मिल रही जनशिकायतों के बाद चौकी प्रभारी साजेश सिंह ने अपनी टीम के साथ अभियान चलाकर ऐसे युवकों की धरपकड़ शुरू कर दी है।
चौकी प्रभारी साजेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम—दिलीप त्रिपाठी, विनय और प्रिंस—द्वारा क्षेत्र में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान बुलेट बाइक के साइलेंसर में अवैध रूप से बदलाव कर तेज धमाके की आवाज निकालने वाले युवकों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पकड़े गए युवकों को मौके पर ही कड़ी चेतावनी दी जा रही है, साथ ही उनके परिजनों को भी बुलाकर समझाइश दी जा रही है कि भविष्य में इस तरह की गतिविधि दोहराने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन बुलेट सवार युवकों द्वारा काफी समय से क्षेत्र में तेज आवाज कर माहौल खराब किया जा रहा था, जिससे आमजन विशेषकर बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं में भय का वातावरण बन गया था। कई बार राहगीरों और स्थानीय निवासियों ने खुद को असुरक्षित महसूस किया।
पुलिस की इस सक्रियता के बाद अब क्षेत्र में शांति का माहौल लौटता दिखाई दे रहा है और तथाकथित “बुलेट राजा” के हौसले पस्त हो गए हैं। चौकी प्रभारी साजेश सिंह ने स्पष्ट कहा है कि सार्वजनिक शांति भंग करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस की इस पहल को स्थानीय नागरिकों ने सराहा है और इसे क्षेत्र की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम बताया







