Home उत्तर प्रदेश बार चुनाव में कांटे की टक्कर के बाद बाबू सिंह यादव अध्यक्ष,...

बार चुनाव में कांटे की टक्कर के बाद बाबू सिंह यादव अध्यक्ष, अनुराग नारायण मिश्र महामंत्री निर्वाचित

एक वोट से अध्यक्ष पद का फैसला, महामंत्री में 50 वोट से जीत
देर रात तक चला मतगणना का रोमांच
FATEHPUR NEWS: जिला बार एसोसिएशन के चुनाव परिणामों में कड़े मुकाबले के बाद अध्यक्ष पद पर बाबू सिंह यादव तथा महामंत्री पद पर अनुराग नारायण मिश्र ने जीत दर्ज की। मुख्य चुनाव अधिकारी शिवकुमार अग्निहोत्री की देखरेख में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना रविवार सुबह 9 बजे शुरू हुई, जो देर रात तक जारी रही। मतगणना के दौरान कई बार उतार-चढ़ाव का माहौल देखने को मिला। अध्यक्ष पद के लिए बाबू सिंह यादव और रमेश सिंह भदौरिया के बीच अंत तक कांटे की टक्कर बनी रही। अंततः बाबू सिंह यादव ने महज एक वोट से जीत हासिल कर सभी को चौंका दिया। वहीं महामंत्री पद पर अनुराग नारायण मिश्र ने अपने प्रतिद्वंद्वियों अनिल कुमार श्रीवास्तव और पुत्तन मिश्रा को लगभग 50 वोटों से हराकर विजय प्राप्त की। अन्य पदों पर भी परिणाम घोषित किए गए, जिनमें कोषाध्यक्ष पद पर सुनील कुमार गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर चंद्र प्रकाश गुप्ता, उपाध्यक्ष पद पर गणेश प्रसाद तिवारी और मंजुला राजपूत विजयी रहे। परिणाम घोषित होते ही कलेक्ट्रेट और दीवानी परिसर जिंदाबाद के नारों से गूंज उठा। समर्थकों ने विजेताओं का फूल-मालाओं से स्वागत किया और जमकर आतिशबाजी की। विद्यार्थी चौराहा से जुलूस निकालते हुए समर्थक कार्यालय पहुंचे, जहां जननायक सिंह यादव और विपिन यादव ने अपने साथियों के साथ नव निर्वाचित अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया। देर रात तक समर्थकों का जमावड़ा लगा रहा और युवा अधिवक्ताओं ने जीत का जश्न मनाते हुए एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी।