MIRZAPUR NEWS: भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘गांव चलो अभियान’ के तहत शनिवार को राजगढ़ विकासखंड के ग्राम रैकरा बेलाही, पटेहरा कलां में व्यापक जनसंपर्क एवं जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल घर-घर पहुंचे और ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। विधायक रमाशंकर पटेल ने कहा कि सरकार गरीब, किसान, महिला एवं युवाओं के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चला रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, वृद्धा, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन योजनाओं का सीधा लाभ जनता को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित न रहे। इस अवसर पर विधायक ने गांव के वरिष्ठजनों को अंगवस्त्र व बुकलेट भेंटकर सम्मानित किया और आशीर्वाद लिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष सुनीता सिंह, महामंत्री सहेंद्र मौर्य, राधा बल्लभ दुबे, अशोक सिंह, गुलाब मौर्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।







