ट्रैफिक पुलिस का डंडा, ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई
KAUSHAMBI NEWS: पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत के निर्देश पर जनपद में सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात विभाग लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में यातायात उप निरीक्षक अब्दुल अली ने सैनी चौराहा पर विशेष अभियान चलाकर ओवरलोड और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। अभियान के दौरान ओवरलोडिंग, बिना सीट बेल्ट, बिना हेलमेट और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले करीब 22 वाहनों का चालान किया गया। साथ ही सड़क के किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों को अभियान चलाकर हटाया गया और उनके खिलाफ भी चालान की कार्रवाई की गई। इस दौरान कई वाहन चालकों को सख्त हिदायत देते हुए नियमों का पालन करने की चेतावनी भी दी गई।यातायात उप निरीक्षक अब्दुल अली ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि सीट बेल्ट और हेलमेट आपकी सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि अक्सर लोग लापरवाही बरतते हैं, जिसकी वजह से सड़क हादसों में जान-माल का नुकसान होता है। अगर सभी लोग नियमों का पालन करें तो अधिकांश दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें। ओवरलोडिंग न करें, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें और निर्धारित गति सीमा का पालन करें।अभियान के दौरान यातायात पुलिस की टीम मौजूद रही और चौराहे पर कुछ समय के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया गया, जिससे वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। यातायात विभाग ने स्पष्ट किया है कि आगे भी इस तरह के अभियान लगातार चलाए जाएंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर वी. के. शुक्ला और इरशाद अली भी मौजूद रहे।







