Home उत्तर प्रदेश पड़रिया गांव में अज्ञात कारणों से गेहूं के खेतों में लगी आग

पड़रिया गांव में अज्ञात कारणों से गेहूं के खेतों में लगी आग

आधा दर्जन किसानों की लगभग 10 बीघे कटी व बंधी फसल जलकर हुई राख
PRAYAGRAJ NEWS:  कोरांव थाना क्षेत्र के पड़रिया गांव में शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे गेहूं के खेत में अज्ञात कारणों से आग लग गई। इस घटना में लगभग आधा दर्जन किसानों की करीब 10 बीघे गेहूं की खड़ी और कटी फसल जलकर राख हो गई। जिन किसानों की फसलें जली हैं, उनमें सोमनाथ यादव, जगन्नाथ यादव, मुरारी लाल यादव, सुभाष यादव, रामसत्य यादव और मोहनलाल यादव शामिल हैं। खेतों में बोझ बांधकर और ढेर लगाकर रखी गई फसल भी आग की चपेट में आ गई। ग्रामीणों ने बाल्टी और पंपसेट मशीनों की मदद से आग बुझाई। किसानों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद दमकल की टीम मौके पर नहीं पहुंची। किसानों द्वारा आग लगने की सूचना हल्का लेखपाल को दी गई। सूचना पाकर लेखपाल आशीष कुमार पड़रिया गांव पहुंचे और अज्ञात कारणों से लगी आग से नष्ट हुई फसलों का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों को तहसील प्रशासन को रिपोर्ट भेजकर आर्थिक मदद दिलाने का आश्वासन दिया। हालांकि, दमकल कर्मियों के समय पर न पहुंचने से किसानों में आक्रोश देखा गया। किसानों का कहना था कि यदि दमकल की गाड़ी समय पर पहुंच जाती, तो कुछ किसानों की बंधी हुई फसलें बचाई जा सकती थीं। सूचना के बावजूद, महज 4 किलोमीटर की दूरी से भी फायर कर्मी और गाड़ी नहीं पहुंच सके, जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ।