मैलहा गंजरिया गांव में हुआ हादसा, जिला अस्पताल किया गया रेफर
PRAYAGRAJ NEWS: कोरांव थाना क्षेत्र के मैलहा गजरिया गांव में शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे एक अनियंत्रित बाइक ने साइकिल सवार युवक को टक्कर मार दी। इस हादसे में साइकिल सवार युवक का दाहिना पैर टूट गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।घायल युवक की पहचान मैलहा गजरिया निवासी सत्यम पुत्र छोटेलाल के रूप में हुई है। सत्यम किसी काम से रत्योरा बाजार गया था और साइकिल से अपने घर लौट रहा था। घर से थोड़ी दूर पहले ही यह हादसा हो गया। हादसे के बाद सत्यम को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोरांव ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायल सत्यम के पिता छोटेलाल ने पुलिस को तहरीर दी है। तहरीर में बताया गया है कि बदौवा संसारपुर निवासी शिवा कोल पुत्र राजकुमार तेज गति से बाइक चला रहा था और अनियंत्रित होकर उनके बेटे सत्यम को टक्कर मार दी। इस संबंध में कोरांव थाना प्रभारी राकेश कुमार वर्मा ने बताया कि घटना की सूचना मिली है और पीड़ित परिवार द्वारा तहरीर भी दी गई है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।







