Home उत्तर प्रदेश बाबा कम्बर शाह के निवास पर सजी जश्न-ए-वारिस पाक की महफिल

बाबा कम्बर शाह के निवास पर सजी जश्न-ए-वारिस पाक की महफिल

‘मन कुन्तो मौला’ कव्वाली पर झूमे उठे अकीदतमंद
MIRZAPUR NEWS: (शाहिद वारसी) कुरैश नगर में गुरुवार की देर रात बाबा कम्बर शाह वारसी के निवास पर बाबा महबूब शाह वारसी के तीन दिवसीय उर्स के अवसर पर जश्न-ए-वारिस पाक का एहतमाम किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने शिरकत कर सूफी संत सैय्यद हाजी वारिस अली शाह रहमतुल्ला अलैह को खिराज-ए-अकीदत पेश किया। महफिल-ए-समा के दौरान बाहर से आए कव्वालों ने सूफियाना कलाम और मशहूर कव्वाली “मन कुन्तो मौला” पेश की। कव्वाली की सुरीली आवाज पर महफिल में मौजूद लोग झूम उठे और अकीदतमंदों ने नोटों की बारिश कर दी। इस दौरान या वारिस हक वारिस का नारा भी महफिल में गूंजता रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत रात 9 बजे महफिल-ए-समा से हुई। इसके बाद रात 12 बजकर 12 मिनट पर बाबा के कुल शरीफ की रस्म अदा की गई। उर्स के मौके पर हुजूर सरकार आलमपनाह सूफी संत सैय्यद हाजी वारिस अली शाह रहमतुल्ला अलैह की याद में लंगर का भी आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों, नौजवानों और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर लखनऊ से आए बाबा बेनज़ीर शाह वारसी, पूर्व दर्जाप्राप्त राज्यमंत्री सोनम चिश्ती और सलमा चौधरी विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।