BHADOHI NEWS: जनगणना अधिकारी एवं डीएम शैलेश कुमार ने कहा कि इस बार की जनगणना की प्रक्रिया पूरी तरह से डिजिटल और सुगम होगी। स्व-गणना आम नागरिक 7 से 21 मई के बीच आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से स्वयं अपनी और अपने परिवार की गणना कर सकते हैं। उक्त बातें डीएम शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनगणना संबंधित बैठक के दौरान पत्रकारों से वार्ता में कहीं। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की है कि सुविधा का लाभ उठाएं और राष्ट्र निर्माण के इस महाभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। गणना कार्य में लगे प्रगणक और पर्यवेक्षक द्वारा एचएलओ ऐप का प्रयोग किया जाएगा। मकान सूचीकरण एवं आवास गणना का समस्त डेटा इसी ऐप के माध्यम से रियल-टाइम दर्ज होगा। डीएम ने कहा कि जो नागरिक स्वयं गणना नहीं कर पाएंगे, उनके लिए 22 मई से 20 जून तक प्रगणक और पर्यवेक्षक घर-घर जाकर मकान सूचीकरण का कार्य करेंगे। संबंधित अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि जनगणना कार्य में सभी चार्ज अधिकारियों एवं जनगणना कार्य प्रशासनिक अधिकारियों को समय से कार्य पूर्ण कराएं। साथ प्रगणन खंडों का चयन करते हुए उनकी बाउंड्री का निर्धारण, जियो टैग मैपिंग करते हुए तैनात प्रगणक, सुपरवाइजर की नियुक्ति पत्र आदि कार्य 15 अप्रैल तक पूर्ण कर लिए जाए। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने प्रशिक्षण सत्रों को समय से पूरा करने, प्रगणकों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने और ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक जन-जागरूकता फैलाने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी मकान या परिवार गणना से वंचित न रहे।
इस मौके पर जिला जनगणना अधिकारी एवं एडीएम कुंवर वीरेंद्र मौर्य, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।







