FATEHPUR NEWS: शुक्रवार को अभिमन्यु मांगलिक, पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में साप्ताहिक परेड की सलामी ली गई तथा परेड का गहन निरीक्षण किया गया। इस दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्राधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी, पुलिस कार्यालय की शाखाओं के अधिकारी-कर्मचारी, यातायात शाखा के जवान, पुलिस लाइन स्टाफ तथा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षी शामिल रहे। पुलिस कर्मियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से फिट रखने के उद्देश्य से दौड़ कराई गई। परेड के दौरान अनुशासन और एकरूपता बनाए रखने के लिए टोलीवार ड्रिल कराई गई, जिसकी प्रभावशीलता बढ़ाने हेतु पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। परेड के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन परिसर का निरीक्षण करते हुए क्वार्टर गार्ड, आरटीसी प्रशिक्षण कक्ष, कैंटीन, वर्दी स्टोर, आवासीय कॉलोनी तथा परिवहन शाखा का जायजा लिया। इस दौरान सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, यूपी-112 शाखा एवं पीआरवी वाहनों में लगे बॉडीवॉर्न कैमरा और अन्य उपकरणों की भी जांच की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। इसके बाद साप्ताहिक अर्दली रूम का आयोजन कर विभिन्न रजिस्टरों का निरीक्षण किया गया और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए। इस मौके पर क्षेत्राधिकारी लाइन, प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।







