खराब सड़कों की सूची तैयार कर शीघ्र निर्माण व मरम्मत की मांग
JAUNPUR NEWS: मछलीशहर विधानसभा क्षेत्र में नहर विभाग के अंतर्गत आने वाले जर्जर मार्गों को लेकर विधायक डॉ. रागिनी सोनकर ने गुरुवार को विधानसभा में जोरदार तरीके से मुद्दा उठाया। उन्होंने संबंधित समिति को पत्र भेजकर क्षेत्र के सभी खराब मार्गों की विस्तृत सूची उपलब्ध कराने और प्राथमिकता के आधार पर निर्माण व मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की है। विधायक डॉ. रागिनी ने अपने पत्र में कहा है कि क्षेत्र के विभिन्न गांवों में नहर विभाग से जुड़े पुलिया (कुलाबा) पर बने मार्ग और संपर्क मार्गों की हालत बिल्कुल खराब है। कई मार्ग लंबे समय से जर्जर और उपेक्षित स्थिति में हैं। इन सड़कों की खराब हालत के कारण ग्रामीणों, किसानों और छात्रों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है, जिससे कई मार्ग पूरी तरह से बाधित हो जाते हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से ऐसे सभी मार्गों की विस्तृत सूची उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है, जिनका निर्माण प्रस्तावित है या जिनकी मरम्मत एवं पुनर्निर्माण आवश्यक है। विधायक ने कहा कि सूची उपलब्ध होने से विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा सकेगा और क्षेत्रीय जनता को राहत मिलेगी। डॉ. रागिनी ने कहा, मेरे विधानसभा क्षेत्र में नहर विभाग की कई सड़कें अत्यंत खराब स्थिति में हैं, जिससे आमजन और किसानों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मैंने संबंधित समिति से सभी जर्जर मार्गों की सूची उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है, ताकि प्राथमिकता तय कर शीघ्र मरम्मत व निर्माण कार्य कराया जा सके। जनहित से जुड़े इस मुद्दे पर किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।







