KAUSHAMBI NEWS: महिलाओं और किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के उद्देश्य से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कड़ा में गुरुवार को एचपीवी वैक्सीन टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन नगर पंचायत दारानगर कड़ाधाम की अध्यक्ष रागिनी अरुण केशरवानी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर केंद्र के अधीक्षक डॉ. मो. सऊद ने नगर अध्यक्ष को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर अध्यक्ष रागिनी अरुण केशरवानी ने कहा कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता ही सुखी जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं के लिए गंभीर खतरा है, लेकिन समय पर टीकाकरण और जागरूकता से इससे बचाव संभव है। उन्होंने क्षेत्र के अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों का टीकाकरण अवश्य कराएं। केंद्र के अधीक्षक डॉ. मो. सऊद ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन किशोरियों को इस जानलेवा कैंसर से सुरक्षित रखने में अत्यंत प्रभावी है। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा यह सुविधा केंद्र पर उपलब्ध कराई गई है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।
कार्यक्रम में प्रभाकर सिंह चंदेल, प्रदीप सिंह, शिवसिंह, जितेंद्र सिंह, ज्योति यादव, स्नेहलता सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। अंत में नगर अध्यक्ष ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और मरीजों का हाल-चाल जाना।







